इंदौर में चोइथराम सब्जी मंडी 4 दिन और जेल रोड मार्केट 3 दिन के लिए बंद

इंदौर जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ने के कारणों और रोकथाम के उपायों पर विचार करने के लिए कल जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सभी विधायक और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
इंदौर जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन समिति ने भविष्य में लॉकडाउन पर भी विचार करने के संकेत दिए हैं। समिति ने निर्णय लिया कि, फिलहाल पूरे इंदौर शहर में लॉकडाउन नहीं किया जाए। अभी एक सप्ताह तक कोरोना संक्रमण को रोकने के दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके बाद भी अगर स्थिति नहीं सँभलती है तो अगले सप्ताह समिति इस मामले में उचित निर्णय ले। बैठक में फिलहाल चोइथराम मंडी और निरंजनपुर मंडी को 4 दिन, सिंधी कॉलोनी और जेल रोड के बाजार को 3 दिन तक पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया। शहर के अन्य सभी बाजारों में अब दुकानें एक दिन दाएं और एक दिन बाएं के नियम के आधार पर खुलेगी। सभी दुकानें अनिवार्य रूप से 8 बजे तक बंद कर दी जाएंगी। फल-सब्जी के ठेले भी एक स्थान पर खड़े होकर बिक्री नहीं कर सकेंगे। नाश्ते की सभी दुकानों को शाम 5 बजे तक ही संचालन की अनुमति रहेगी। नियमों का पालन न करने पर तत्काल अर्थदंड वसूला जाएगा। आपदा प्रबंधन समिति ने पूरे शहर में अब प्रतिदिन आगामी आदेश तक रात्रि 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू प्रभावशील रखने का भी निर्णय लिया है।

टिप्पणी करे