गरीब कल्याण अभियान अभियान से रोजगार और आजीविका के अवसर पैदा होंगे : तोमर

नई दिल्ली|केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छह राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गरीब कल्याण रोजगार अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए एक बैठक की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 20 जून, 2020 को शुरू किया गया गरीब कल्याण रोजगार अभियान बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और राजस्थान के 116 जिलों में चलाया जा रहा है। यह अभियान 125 दिन तक जारी रहेगा और इसमें 11 विभिन्न मंत्रालयों के अंतर्गत आने वाले 25 कार्यों को पूरा करने के लिए चिह्नित गया है। विभिन्न मानकों के अंतर्गत यह अभियान उचित प्रकार से आगे बढ़ रहा है, जिसकी लगातार निगरानी की जा रही है।

राज्य प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए श्री तोमर ने कहा कि भारत सरकार का प्रयास कोरोना संकट के दौरान बड़ी संख्या में घर लौटे मजदूरों के लिए उनके मूल निवास स्थान पर ही रोजगार की व्यवस्था करना है। इससे उन्हें रोजगार मिलने के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। पीएम आवास, ग्रामीण सड़कों व अन्य निर्माणकार्यों से गांव-गांव में रोजगार के अवसर खुलेंगे। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा आधारभूत परियोजनाओं के विकास पर जोर दिया। बैठक में बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि कोरोना के कारण घर लौटे श्रमिकों के लिए यह अभियान वरदान साबित हो रहा है।

40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान

श्री तोमर ने कहा कि कोरोना संकट से उपजे मुश्किल हालात को देखते हुए हुए केंद्र सरकार ने मनरेगा के अंतर्गत अतिरिक्त 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। साथ ही आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की गई है। केन्द्र सरकार गरीबों को लगभग 8 महीने तक निःशुल्क राशन भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने मिशन मोड में काम करते हुए इस अभियान को सफलता प्रदान करने की जरूरत बताई।


‘मेरा जीवन -मेरा योग’ वीडियो ब्लॉगिंग प्रतियोगिता के विजेता घोषित

PM Modi, 57 ministers to lead Yoga Day celebrations across India ...

नई दिल्ली | ‘मेरा जीवन, मेरा योग’ नामक वीडियो ब्लॉगिंग प्रतियोगिता के विजेताओं के नामों की घोषणा कर दी गई। डिजिटल प्‍लेटफॉर्म पर आयोजित की गई यह वैश्विक प्रतियोगिता दरअसल आयुष मंत्रालय और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) का एक संयुक्त प्रयास है। इसका शुभारंभ 31 मई, 2020 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा छठे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर किया गया था।

यह प्रतियोगिता इन छह श्रेणियों में आयोजित की गई थी – प्रोफेशनल, वयस्क (18 वर्ष से अधिक) और युवा (18 वर्ष से कम), जिनमें से प्रत्‍येक में पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों को अलग-अलग माना गया था। पूरे भारत से कुल 35141 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जबकि अन्य देशों से लगभग 2000 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। अन्य देशों की प्रविष्टियों का आकलन संबंधित भारतीय मिशनों द्वारा किया जा रहा है।

प्रोफेशनल श्रेणी में प्रथम विजेता अश्वथ हेगड़े (पुरुष) और रजनी गहलोत (महिला) हैं। वयस्क (18 वर्ष से अधिक) श्रेणी में राजपाल सिंह आर्य और शैली प्रसाद को प्रथम विजेता घोषित किया गया है। इसी तरह युवा (18 वर्ष से कम) श्रेणी में प्रथम विजेता प्रणय शर्मा और नाव्या एस.एच. हैं।

भारत से प्राप्त प्रविष्टियों की गहन जांच 200 योग विशेषज्ञों ने की। 160 वीडियो का चयन किया गया। इसके अलावा, इन श्रेणियों में 15 सदस्यीय ज्‍यूरी ने छांटी गई प्रविष्टियों का आकलन किया। ज्‍यूरी के सदस्यों द्वारा स्वतंत्र रूप से अलग-अलग दिए गए अंकों और उनके औसत स्कोर के आधार पर विजेताओं के बारे में निर्णय लिया गया। उच्चतम या सर्वाधिक औसत स्कोर वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया।

यह प्रतियोगिता विश्‍व भर के प्रतिभागियों के लिए खुली थी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को 3 योगाभ्यासों (क्रिया, आसन, प्राणायाम, बंध या मुद्रा) का 3 मिनट की अवधि वाला वीडियो अपलोड करना था जिसमें इस आशय का एक लघु वीडियो संदेश/विवरण भी शामिल करना आवश्‍यक था कि योगाभ्यासों से किस तरह उनके जीवन में उल्‍लेखनीय सकारात्‍मक परिवर्तन हुए हैं।  वीडियो को प्रतियोगिता के हैशटैग #MyLifeMyYoga के साथ फेसबुक, ट्विटर या इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था। इस प्रतियोगिता का समापन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, यानी 21 जून 2020 को 23.50 बजे हुआ।

टिप्पणी करे