प्रदेश में ग्राम सभा की होगी वीडियोग्राफी

File:A Gramsabha in a rural village of Madhyapradesh.jpg ...

भोपाल| पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने कहा कि ग्राम विकास सरकार की पहली प्राथमिकता है। ग्रामों के चहुमुखी विकास के लिये ग्रामसभाओं की महती भूमिका होती है। गॉवों में होने वाले विकास कार्यों का चयन एवं समीक्षा ग्रामसभा के माध्यम से हो। ग्राम सभाओं के आयोजन की वीडियोग्राफी भी करवाई जाये।

श्री सिसौदिया ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि वर्ष में होने वाली 4 ग्राम सभाओं के अतिरिक्त भी आवश्यकतानुसार प्रत्येक दो माह में ग्राम सभा आहूत की जाये। ग्राम सभा का पर्याप्त प्रचार-प्रसार एवं मुनादी करवाये, जिससे अधिक से अधिक ग्रामवासी ग्राम सभा में उपस्थित हो सकें। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में मनरेगा अन्तर्गत किये जाने वाले कार्य, कार्यरत मजदूरों व जॉबकार्ड धारियों के नाम आदि पढ़ कर सुनाये जाये।

श्रमिकों को ग्राम स्तर पर मिलेगी सुविधाएँ

श्री सिसोदिया ने कहा कि श्रमिकों को ग्राम स्तर पर सभी सुविधाएँ मुहैया कराई जाएगी। स्व-सहायता समूहों के क्लस्टर बनाकर उनके द्वारा निर्मित उत्पाद को बढ़ावा दिया जाएगा। प्रत्येक मिडिल स्कूल और हाई स्कूल में वाउन्ड्रीवाल बनाई जाएगी। गौ-शालाओं को गौ-संवर्धन योजना से जोड़ा जायेगा। मनरेगा अंतर्गत पंचायत भवनों एवं शाला भवनों में आवश्यकतानुसार एवं प्रावधान अनुसार बाउण्ड्री-वॉल निर्माण तथा पौध-रोपण के कार्य किए जायें। निर्माणाधीन गौशालाओं के कार्य में तेजी लाते हुए इन्हें शीघ्र पूरा कराया जाए। निर्मित गौशालाओं के संचालन का कार्य शीघ्र स्व-सहायता समूहों से अनुबंध कर उन्हें सौंपा जाये। समूह को आत्मनिर्भर बनाने की दृष्टि से गौ-उत्पादों के उत्पादन व विक्रय को प्रोत्साहित किया जाये। मनरेगा के कार्यों में स्व-सहायता समूहों की अधिक से अधिक सहभागिता बढ़ाई जाये।

टिप्पणी करे