
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के पश्चात कहा है कि उनसे हाल ही में संपर्क में आये लोगों को कोरोना वायरस टेस्ट करवा लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं कोरोना गाइड लाइन का पूरा पालन कर रहा हूँ। डॉक्टर की सलाह के अनुसार कोरेंटाइन रहूंगा और इलाज कराऊंगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं यथासंभव अब वीडियो कांफ्रेंसिंग से कोरोना की समीक्षा करने का प्रयास करूंगा। मेरी अनुपस्थिति में यह बैठक गृह मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्र, नगरीय विकास एवं प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभु राम चौधरी करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान कोविड डेडीकेटेड अस्पताल चिरायु मेडीकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती हुए हैं। भोपाल स्थित एम्स और हमीदिया अस्पताल में अन्य रोगों के मरीज भी दाखिल होते हैं। आम जन को कठिनाई नहीं हो, इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री चौहान चिरायु मेडीकल कॉलेज में भर्ती हुए।

