जनता की स्वास्थ्य रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे: शिवराज

भोपाल | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना की भावी रणनीति ‘लॉकडाउन माइनस’ होना चाहिए। अर्थात ऐसी रणनीति बनाई जाए जिसमें बिना लॉक डाउन किए कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। हमें प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गतिमान भी करना है। इसके लिए पूरी तरह जनता को कोविड-19 के संबंध में जागरूक करना होगा तथा सर्वोत्तम उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। प्रदेश में जनता की स्वास्थ्य रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे। वित्तीय संकट के चलते दूसरे मदों में बजट की कुछ कमी की जा सकती है परंतु कोरोना से बचाव एवं उपचार में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान चिरायु अस्पताल से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि त्वरित गति और बड़ी संख्या में कोरोना की जांच करने के लिए एंटीजन टेस्ट को भी मध्यप्रदेश में बढ़ावा दिया जाए। बताया गया कि इसके माध्यम से कोरना की रिपोर्ट 20 मिनट में ही मिल जाती है। विशेष रुप से बिना लक्षण वाले व्यक्तियों के टेस्ट के लिए यह अत्यंत उपयोगी है।

जिलों में गाइड लाइन का कड़ाई से पालन कराएं

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि प्रभारी अधिकारी अपने-अपने प्रभार के जिलों में कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाएं। साथ ही जनता को समस्त सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जाए। इस कार्य में स्वयंसेवी संगठनों एवं जनता का पूरा सहयोग लिया जाए।

टिप्पणी करे