रील नहीं रियल लाइफ के हीरो हैं सोनू सूद

कपिल द्विवेदी

हैदराबाद। कोरोना संक्रमण काल आमजन के लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आया है। इसने शारीरिक, मानसिक के साथ-साथ आर्थिक दंश भी दिया है। ऐसे में तेलंगाना राज्य के अनेक लोगों के लिए रील के अभिनेता सोनू सूद रियल लाइफ के हीरो बनकर उभरे हैं।
पहली दर्द भरी कहानी है हैदराबाद से बीटेक करने वाली शारदा की। निम्न मध्यमवर्गीय परिवार की शारदा ने आर्थिक संकट से जुझते हुए बीटेक पूरा किया। जब उन्हें पहली नौकरी मिली तो परिवार में प्रसन्नता का माहौल बन गया। तीन महिने के प्रशिक्षण के बाद उन्हें प्रोजेक्ट पर काम करना था। कोरोना वायरस के कारण कंपनी ने भी आर्थिक संकट का हवाला देकर वेतन देने से इंकार कर दिया। इसके बाद शारदा ने फुटपाथ पर सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का पालन करने लगी। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल हुई, सोनू सूद तक पहुंची। उन्होंने शारदा के लिए नौकरी का आफर भिजवा दिया।
इसके अलावा चित्तूर जिले के केवीपल्ली मंडल महल गांव निवासी नागेश्वर राव का उसकी बेटियों के हल खींचने और पत्नी के बीज डालने का वीडियो वायरल हुआ। रियल हीरो सोनू सूद ने भी उन्हें नया ट्रेक्टर तोहफे में भिजवा दिया। इसी तरह एक बुजुर्ग महिला का मार्शल आर्ट का प्रदर्शन करते हुए जीवन यापन के लिए मांगने का वीडियो वायरल होकर सोनू सूद के पास पहुंचा तो उन्होंने और रितेश देशमुख ने उस महिला की जानकारी मंगवाकर मदद का भरोसा दिया है।

टिप्पणी करे