नई दिल्ली। देश की खूबसूरत महिलाओं में से एक ऐश्वर्या श्योरान अब भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी बन कर देश की सेवा करेंगी। हाल ही में घोषित संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा-2019 में ऐश्वर्या ने देशभर में 93वां स्थान हासिल किया है।
इसी माह 4 अगस्त को संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल परीक्षा 2019 के परिणाम घोषित कर दिए थे। इस परीक्षा में उच्च स्थान पाने वालों में कुछ उम्मीदवार सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इनमें से एक ऐश्वर्या श्योरान भी हैं। ऐश्वर्या वर्ष में 2016 मिस इंडिया प्रतियोगिता के अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं। ऐश्वर्या की मां ने उनका नाम ऐश्वर्या राय बच्चन के नाम पर ही रखा था।

ऐश्वर्या की इस सफलता का जिक्र मिस इंडिया के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर किया गया है। मिस इंडिया ने अपने ट्विटर हैंडल पर ऐश्वर्या की उपलब्धियों का जिक्र किया है। ऐश्वर्या फेमिना 2016 में फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। इसके अलावा वे 2016 में कैंपस प्रिंसेस दिल्ली का खिताब जीत चुकी हैं। मिस इंडिया ने बताया कि 2015 में ऐश्वर्या फ्रेश फेस विनर दिल्ली का खिताब जीत चुकी हैं। सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बनी ऐश्वर्या ने परीक्षा की तैयारी के लिए 2018 में सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। ऐश्वर्या दिल्ली के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कामर्स की छात्रा रही हैं।
प्रशासनिक अधिकारी बनना था सपना
ऐश्वर्या का कहना है कि मॉडलिंग उनका शौक था लेकिन संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफल होना उनका एक सपना था, जिसे उन्होंने अब पूरा किया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए उन्होंने किसी भी कोचिंग क्लास में प्रवेश नहीं लिया था। ऐश्वर्या के परिजनों का कहना है कि वह हमेशा से पढ़ाई में अच्छी थी।

