दुबई। महिला क्रिकेट के प्रशंसकों के लिए यह खबर निराश करने वाली हैं। न्यूजीलैंड में एक दिवसीय महिला विश्व कप क्रिकेट स्पर्धा को 2022 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
भारत ने 2021 में होने वाले पुरुष टी-20 विश्व कप की मेजबानी को बरकरार रखा है जबकि ऑस्ट्रेलिया 2022 संस्करण की मेजबानी करेगा। महिला क्रिकेट के प्रशंसकों के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि विश्व कप एक साल के लिए टाल दिया गया है। न्यूजीलैंड में 6 फरवरी से 7 मार्च 2021 तक होने वाले एक दिवसीय महिला विश्व कप क्रिकेट स्पर्धा को 2022 तक स्थगित कर दिया गया है। विश्व कप को लेकर ये सभी महत्वपूर्ण फैसले आईसीसी बिजनेस कॉपोर्रेशन ने शुक्रवार को बैठक में लिए, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का व्यवसाय विकासखंड है। परिषद ने कोरोना संक्रमण के कारण इसे स्थगित करने का निर्णय लिया है। इसके पहले जुलाई में आईसीसी बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया में इस वर्ष होने वाले विश्व कप को भी स्थगित किया था। 2021 का विश्व कप भारत में अक्टूबर-नवम्बर में होगा, जिसका फाइनल 14 नवम्बर को आयोजित होगा। ऑस्ट्रेलिया को अक्टूबर-नवम्बर 2020 में टी-20 विश्व कप की मेजबानी करनी थी, लेकिन जुलाई में आईसीसी ने इसे स्थगित कर दिया था। ऑस्ट्रेलिया अब इस टूर्नामेंट की मेजबानी 2022 में अक्टूबर-नवम्बर में करेगा। इसका फाइनल 13 नवम्बर को होगा।
आईसीसी बोर्ड के एक सदस्य ने कहा कि जब दुनिया के कई देश कोरोना महामारी से जूझ रहे हैं तो क्वॉलिफायर समय पर कराना संभव नहीं था। महिला विश्व कप स्थगित होने से मिताली राज और झूलन गोस्वामी जैसी भारतीय दिग्गजों के भविष्य को लेकर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है, जो 2021 में अपना आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट खेलतीं।

