सीरो सर्वेक्षण : इंदौर के 7.72 प्रतिशत नागरिकों में मिले कोरोना के एंटीबॉडी

इंदौर| कोरोना महामारी के संबंध में इंदौर में हुये महत्वपूर्ण सीरो सर्वेक्षण की जॉच रिपोर्ट में शहर में 7.72 प्रतिशत नागरिकों में एण्टीबॉडी होना पाया गया।
        आयुक्त इंदौर संभाग डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि इंदौर शहर में 11 अगस्त से 23 अगस्त तक सीरो सर्वेक्षण कराया गया था। यह सर्वेक्षण 14 दिनों तक चला।  इस सर्वेक्षण के लिये इंदौर शहर के सभी 85 वार्डों हेतु दल गठित किये गये थे। इन दलों द्वारा रेण्डम आधार पर 7 हजार 103 सेम्पल लिये गये। यह सेम्पल एक साल से 18 साल तक के बच्चों तथा 18 साल से अधिक आयु के महिला एवं पुरूषों के अलग-अलग लिये गये। शहर में 33 प्रतिशत सेम्पल महिलाओं के, 33 प्रतिशत सेम्पल पुरूषों के तथा इतने ही सेम्पल बच्चों लिये गये। सेम्पल लेने में सभी 85 वार्ड कवर किये गये। सेम्पलों की जाँच की गई। पुरूषों में एण्टीबॉडी का प्रतिशत 7.90, महिलाओं में 7.50 तथा बच्चों में 7.27 प्रतिशत एण्टीबॉडी पायी गई। इसके आधार पर रिपोर्ट प्राप्त हुई है। शहर में 7.72 प्रतिशत एण्टीबॉडी होना पाया गया। इससे पता चलता है कि इंदौर में कंट्रोल रेट अच्छा है। आगे और अधिक सतर्कता और सुरक्षा रखने की जरूरत है। इस अवसर पर आईसीएमआर की डॉ.मीरा धुरिया भी उपस्थित थी। उन्होंने बताया कि इस विश्लेषण से भविष्य में कोरोना से निपटने की कार्ययोजना बनाने में मदद मिलेगी।

टिप्पणी करे