देहरादून। उत्तराखंड में देश के चार धाम गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के कपाट बंद होने की तिथियां तय कर दी गयी हैं। इसके अलावा बाबा तुंगनाथ और मद्महेश्वर धाम के कपाट होने की तिथियां भी जारी कर दी गई है।
मंदिरों के कपाट बंद करने का निर्णय इन मंदिर समितियों की बैठक में लिया गया। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने बताया कि धाम के कपाट अन्नकूट के अवसर पर 15 नवंबर को दोपहर 12ः15 बजे बंद किए जाएंगे। यमुनोत्री धाम के कपाट 16 नवंबर को भैयादूज पर दोपहर सवा बारह बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे। चारधाम देवस्थानम परिषद के अनुसार, बद्रीनाथ धाम के कपाट 19 नवंबर को अपराह्न तीन बजकर 35 मिनट पर और केदारनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को सुबह 5.30 बजे विधिविधान के साथ बंद होंगे। भगवान मद्महेश्वर धाम के कपाट 19 नवंबर को सुबह 7 बजे बंद होंगे। चार नवंबर को तुंगनाथ के कपाट बंद करने का निर्णय लिया गया है। (एजेंसी)

