भोपाल। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते प्रदेश में फिलहाल पहली से आठवीं तक की कक्षाएं नहीं लगेगी। मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग गुरुवार देर शाम जारी आदेश में 30 नवंबर तक विद्यालय बंद रखने का फैसला किया है।
मध्यप्रदेश में पहली से लेकर 8वीं कक्षा तक के स्कूल 30 नवंबर तक अभी बंद ही रहेंगे। केंद्र सरकार की अनलॉक-5 की गाइडलाइन में 15 अक्टूबर से विद्यालय खोलने की बात कही थी, लेकिन इसका निर्णय प्रदेश सरकार पर छोड़ा था। उसके बाद प्रदेश में सरकार ने 15 नवंबर तक स्कूल बंद करने का निर्णय लिया था। हालांकि कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं की क्लास पहले के आदेश की तरह ही संचालित होंगी।
शिक्षा विभाग के उप सचिव प्रमोद सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने कंटेनमेंट जोन के बाहर के विद्यालयों को 15 अक्टूबर से खोलने की अनुमति दे थी, लेकिन आखिरी फैसला राज्यों को लेना था। इसे देखते हुए पहले 15 नवंबर तक विद्यालय बंद करने का निर्णय लिया था, लेकिन अब कोविड-19 को देखते हुए इसे बढ़ा दिया गया है। अभी की स्थिति में 30 नवंबर तक स्कूल नहीं खोले जाने का फैसला किया गया है। संक्रमण के कारण राज्य में पहली से 8वीं तक के बच्चों के लिए फिलहाल स्कूल बंद ही रहेंगे। 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं आंशिक रूप से वर्तमान स्थिति में चलेंगी। इसके लिए सरकार द्वारा जारी कोविड की गाइडलाइन का सख्ती से पालन अनिवार्य होगा।
90 प्रतिशत से अधिक पालक नहीं हैं तैयार
प्रदेश में मप्र शिक्षा विभाग और सीबीएसई दोनों ही मान्यता से चलने वाले विद्यालयों में 90 प्रतिशत से अधिक पालक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए तैयार नहीं है। सभी जिलों में पालकों से राय मांगी गयी थी लेकिन अधिकांश पालकों ने कोरोना संक्रमण से अपने बच्चों की सुरक्षा का हवाला देकर विद्यालय भेजने से मना कर दिया है।

