नई दिल्ली|नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का आंदोलन आज 44वें दिन में प्रवेश कर चुका है। लेकिन अब तक गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा है। किसानों को मनाने के लिए आज हुई आठवें दौर की वार्ता भी एक बार फिर बेनतीजा रही। किसान संगठनों और सरकार के बीच आज दोपहर 2 बजे विज्ञान भवन में बातचीत हुई। जिसमें कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और सोमप्रकाश मौजूद रहे। 8वें दौर की बैठक भी बेनतीजा रही। अब अगली बैठक 15 जनवरी को होगी। किसान यूनियन कृषि कानूनों को रद्द करने से कम पर राजी नहीं हैं, जबकि सरकार बार-बार इसमें संशोधन करने की बात रह रही है। बातचीत से पहले गुरुवार को हजारों किसानों ने दिल्ली के चारों ओर ट्रैक्टर रैली निकालकर सरकार को अपनी शक्ति का अहसास कराया था।

