इन्दौर| आयुष राज्य मंत्री श्री रामकिशोर कांवरे इन्दौर प्रवास के दौरान ग्रेटर ब्रजेश्वरी पिपलियाहाना स्थित एडवांस्ड वेलनेस सेन्टर का निरीक्षण करने पहुँचे। वेलनेस सेन्टर से लगे प्राकृतिक चिकित्सा उद्यान में औषधीय गुणों से युक्त जामुन, अनार, तुलसी, थूजा, पपीता व अन्य फलदार पौधों का रोपण किया गया। मंत्री श्री कांवरे ने कार्यक्रम में उपस्थित अन्य आयुष चिकित्सकों को सम्बोधित करते हुये आयुष चिकित्सा क्षेत्र में प्रदेश की आगामी योजनाओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के वरिष्ठ होम्योपैथिक व आयुर्वेदिक चिकित्सकीय बोर्ड का शीघ्र गठन होगा तथा प्रदेश में आयुष मेलों का आयोजन भी किया जायेगा।
कोरोना काल में प्रदेश की जनता के लिये किये गये उत्कृष्ट कार्यों के लिये आयुष मेडिकल वेलफेयर फाउण्डेशन द्वारा राज्य आयुष मंत्री श्री कांवरे को आयुष रत्न से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम में आयुष चिकित्सकों व बाहर से आये रोगियों को सम्बोधित करते हुये आयुष मंत्री ने कहा कि भोपाल के डायरेक्टोरेट या मंत्रालय में बैठकर नहीं बल्कि प्रदेश के सभी जिला क्षेत्रों में जाकर देखना चाहते हैं कि आयुष के क्षेत्र में कौन कैसा कार्य कर रहा है। मंत्री श्री कांवरे ने कहा कि आप जिस पद्धति के चिकित्सक हैं, उसी पैथी का उपयोग स्वयं और अपने घर के लोगों के लिये प्रयोग करें। ऐसा करने से आपके चिकित्सा प्रणाली का विकास अवश्य होगा। उन्होंने कहा कि जब से वे आयुष मंत्री बने है, तब से इस चिकित्सा पद्धति के महत्व के बारे में व्यापक जानकारी मिली हैं। उन्हें त्वचा रोग (एलर्जी) हो गया था, जिसके लिये उन्होंने होम्योपैथी चिकित्सा अपनाया।

आयुष मंत्री ने कहा कि जब वे स्वयं होम्योपैथी, आयुर्वेद अपनायेंगे, तभी दूसरे लोगों को इसे अपनाने के लिये प्रेरित कर सकेंगे। होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, यूनानी चिकित्सकों ने कोरोना काल में बहुत अच्छा कार्य किया है। उनके इस कार्य को हम ऐसे ही व्यर्थ नहीं जाने देंगे। होम्योपैथिक चिकित्सकों को भी यथोचित सम्मान दिलायेंगे। मरीज को जब बड़े-बड़े अस्पताल के चिकित्सक बोलते हैं कि, घर ले जायें मरीज को और इनकी सेवा करें, तब वह मरीज होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक व नेचुरोपैथी अपनाकर स्वस्थ रहता है। उन्होंने भविष्य में प्रदेश के आयुष वेलनेस सेन्टरों को और अधिक विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में होम्योपैथी, आयुर्वेद की शिक्षा को और अधिक बेहतर बनाया जायेगा। आने वाले समय में आगामी पीढ़ी होम्योपैथी आयुर्वेदिक चिकित्सा को ही अपनायेगी।
एडवांस्ड आयुष वेलनेस सेन्टर, होम्योपैथी एवं नेचुरोपैथी अस्पताल, ग्रेटर ब्रजेश्वरी, पिपलियाहाना, इन्दौर में ‘‘पैलिएटिव कैंसर केयर बाय होम्योपैथी’’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। जिसका शुभारम्भ आयुष मंत्री श्री कांवरे ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूपेन्द्र गौतम और अध्यक्षीय उद्बोधन डॉ. ए.के. द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री श्री कांवरे को शाल-श्रीफल भेंटकर उनका स्वागत किया गया। आयुष चिकित्सा पद्धति के विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित थे। इस अवसर पर डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. जितेन्द्र कुमार पुरी, दीपक उपाध्याय, विनय पाण्डेय, जितेन्द्र जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक उपस्थित थे।

