नई दिल्ली | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिनांक 16 फरवरी, 2021 को नई दिल्ली में ई-छावनी पोर्टल एवं मोबाइल एप लॉन्च किया। देश भर में 62 छावनी बोर्डों के 20 लाख से अधिक निवासियों को ऑनलाइन नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए पोर्टल (https://echhawani.gov.in/) बनाया गया है।
पोर्टल के माध्यम से छावनी क्षेत्रों के निवासी बटन के सिर्फ एक क्लिक के साथ पट्टों के नवीकरण, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन, पानी और सीवरेज कनेक्शन, ट्रेड लाइसेंस, मोबाइल टॉयलेट लोकेटर और विभिन्न प्रकार के करों और शुल्कों के भुगतान जैसी बुनियादी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे । ई-गॉवफाउंडेशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), डायरेक्टरेट जनरल डिफेंस एस्टेट्स (डीजीडीई) तथा नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) द्वारा संयुक्त रूप से विकसित यह पोर्टल निवासियों को अपने घर बैठे इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

श्री सिंह ने ई-छावनी पोर्टल को ‘न्यू इंडिया’ के दृष्टिकोण के अनुरूप छावनी बोर्डों के कामकाज में परिवर्तन लाने के लिए एक अभिनव प्रयास बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पोर्टल छावनी बोर्डों की सेवा वितरण प्रणाली की प्रभावशीलता और पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा एवं निवासियों को समयबद्ध समाधान प्रदान करेगा। श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे पोर्टल को अधिक नागरिक हितैषी बनाने के लिए समय-समय पर लाभार्थियों का फीडबैक इकट्ठा करें।
रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पोर्टल पर छावनी क्षेत्रों के निवासियों के लाभ के लिए सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि संपत्ति की फाइलिंग और भवन कर, किराए की वसूली और सामुदायिक केंद्रों की बुकिंग जैसी और सेवाएं जल्द ही आधार सक्षम पोर्टल में जोड़ी जाएंगी । डॉ अजय कुमार ने 62 स्वतंत्र पोर्टल वाली ई-छावनी परियोजना को बहुत कम समय में पूरा करने के लिए ई-गॉवफाउंडेशन, बीईएल, डीजीडीई एवं एनआईसी को बधाई दी। अपने एंड्रायड मोबाइल पर ई-छावनी एप डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:-https://play.google.com/store/apps/details?id=org.egovernment.echhawani.citizen

