रुपेंद्रसिंह चौहान
उज्जैन। जब तक महाविद्यालय और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलेगा, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन का यह आंदोलन जारी रहेगा। हम चाहते हैं कि कोरोना के कारण पढ़ाई के हुए नुकसान को देखते हुए विश्वविद्यालय छात्र हित में कोई सकारात्मक निर्णय ले।
यह बात भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की उज्जैन शहर इकाई से जुड़े नवसंवत कॉलेज के एनएसयूआई अध्यक्ष आदित्य धेप्ते ने रेडियो इंदौर से चर्चा के दौरान कही। श्री धेप्ते ने कहा कि कोरोना काल के कारण महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं नहीं लगी हैं, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई है। वहीं ऑनलाइन पढ़ाई से कोई विशेष लाभ नहीं मिला है। इसलिए छात्र हित में परीक्षा ओपन बुक पध्दति से करवायी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन उज्जैन शहर इकाई ने छात्रों की इन समस्याओं को लेकर विक्रम विश्वविद्यालय का घेराव किया और कुलपति को इन समस्याओं से अवगत कराया। इस आंदोलन में विवेक यादव, भरत शंकर जोशी, अमित शर्मा के मार्गदर्शन में प्रियेश चौहान, विवेक धनावत, तरुण परिहार, जयंत सिंह ठाकुर लकी शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय का घेराव कर अपनी मांगों को कुलपति को सौंपने की बात कही। कुलपति के विश्वविद्यालय में उपस्थित ना होने पर प्रभारी कुलपति को ज्ञापन सौंपा कर छात्र हित में शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया गया।

