इंदौर में 13 परीक्षा केन्द्रों पर राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2019 प्रारंभ

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2019 इंदौर में भी आज से प्रारंभ हुई। इंदौर में 13 परीक्षा केन्द्रों पर लगभग साढ़े चार हजार आवेदक परीक्षा में शामिल हुए । संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि इस परीक्षा के लिये सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किये गये हैं। कोविड पॉजिटिव परीक्षार्थियों के लिये भी अलग से परीक्षा केन्द्र बनाकर विशेष व्यवस्था की गई है। आवेदकों को परिवहन सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही है।

प्रदेश में 10 हजार 91 अभ्यर्थी हुए शामिल

प्रदेश में राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में 10 हजार 509 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। आयोग की सचिव श्रीमती वंदना वैद्य ने बताया कि आज से शुरू हुई इस परीक्षा में प्रदेश में कुल 10 हजार 91 अभ्यर्थी शामिल हुए। श्रीमती वैद्य ने बताया कि कोरोना काल और आज के लॉकडाउन में परीक्षा कराना चुनौती था। प्रशासन के सहयोग से सुव्यवस्थित रूप से परीक्षा प्रारंभ हुई। कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थियों के लिये विशेष केन्द्र बनाये गये। इंदौर में चार, भोपाल में तीन और छिंदवाड़ा में दो कोरोना संक्रमित अभ्यर्थियों ने परीक्षाएं दी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा आयोजित ‘राज्य सेवा मुख्य परीक्षा- 2019’ 26 मार्च 2021 तक चलेगी। यह परीक्षा इंदौर जिले के 13 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा के पारदर्शी और सुव्यवस्थित संचालन के लिये संभागायुक्त तथा परीक्षा के समन्वयक डॉ. पवन कुमार शर्मा जिले के विभिन्न अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रवार दायित्व सौंपे है। संयुक्त आयुक्त श्रीमती सपना सोलंकी को प्रभारी परीक्षा अधिकारी बनाया गया है। श्रीमती सोलंकी उक्त परीक्षा के संपूर्ण प्रभार में रहेंगी। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने परीक्षा अवधि तक निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर सीलबंद प्रश्न-पत्रों के पैकेट सुरक्षित भिजवाने एवं परीक्षा कार्य सम्पन्न करवाने के लिये सहायक परीक्षा अधिकारी एवं रिजर्व परीक्षा अधिकारियों की नियुक्ति की है।

इंदौर में कोविड पॉजिटिव अभ्यर्थियों के लिये विशेष परीक्षा केन्द्र

      शासन के निर्देशानुसार इन्दौर शहर में कोरोना पॉजिटिव समस्त अभ्यर्थियों के लिए माता जीजाबाई शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, मोती तबेला इन्दौर में परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। परीक्षा केन्द्राध्यक्ष का मोबाईल नंबर 90094-05335 है। इस केन्द्र में कोरोना पॉजिटिव अभ्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसमें चार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। उपरोक्त अभ्यर्थियों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत चिकित्सकीय संसाधनों से सुसज्जित एम्बुलेस/वैन आदि से परीक्षा केन्द्र लाने ले जाने की व्यवस्था है। यहां नियंत्रण कक्ष भी स्थापित है, जिसमें पर्याप्त चिकित्सक, नर्स एवं एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था है। परीक्षार्थियों हेतु पीपीई कीट, पानी की बॉटल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई है।

*पीएससी की मुख्य परीक्षा के लिये हेल्प लाइन स्थापित*

      इंदौर में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जा रही राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के लिये विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिये हेल्प लाइन नंबर जारी किया गया है। यह हेल्प लाइन नंबर 0731-2449124 है।  

टिप्पणी करे