नई दिल्ली| पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का पंजीयन 01 अप्रैल 2021 से शुरू होने जा रहा है। देशभर में पंजाब नेशनल बैंक (316), जम्मू-कश्मीर बैंक (90) और यस बैंक (40) की 446 शाखाओं के माध्यम से पंजीयन होगा। इस वर्ष की 56 दिनों की यात्रा 28 जून से शुरू हो कर 22 अगस्त को समाप्त होगी। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीतीश्वर कुमार ने बताया कि आवेदन पत्र और पूर्ण पते वाली बैंक शाखाओं की राज्यवार सूची श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। यात्रा के लिए पंजीकरण करने के लिए यत्रियों को जिन चरणों का पालन करना होगा, उन्हें बोर्ड की वेबसाइट http://www.shriamarnathjishrine.com पर डाल दिया गया है। इसमें आधार शिविरों तक पहुंचने की जानकारी, यात्रा पंजीकरण के लिए शुल्क, टट्टू, पालकी और पोर्टर्स के लिए शुल्क शामिल हैं।
श्री कुमार ने बताया कि 13 वर्ष से कम या 75 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति यात्रा के लिए पंजीकृत नहीं होंगे। हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले यत्रियों को अग्रिम पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि इसके लिए पर्याप्त हेलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध होंगे। हालांकि, उन्हें अधिकृत चिकित्सक द्वारा जारी किए गए निर्धारित प्रारूप में अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र (सीएचसी) साथ रखना होगा।

