मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं एक माह के लिए स्थगित

भोपाल | मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल / हायर सेकेण्डरी / हायर सेकेण्डरी व्यावसायिक/डिप्लोमा इन प्री-स्कूल एजुकेशन, शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षाएं एक माह के लिए स्थगित कर दी गई हैं। यह परीक्षाएं अब माह जून 2021 के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ की जाकर अंतिम सप्ताह तक सम्पन्न कराई जाएंगी।

बीते सप्ताह ही मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के प्रवेश पत्र जारी किए थे। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षाएं 30 अप्रैल से और कक्षा बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं 01 मई से आयोजित की जानी थी।  माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी सूचना में कहा गया कि राज्य में लोक स्वास्थ्य एवं लोकहित में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु एवं विद्यालयों में एक स्थान पर विद्यार्थियों के संभावित खतरे की रोकथाम करने के उद्देश्य से एवं छात्रहित में वर्तमान परिस्थिति की गंभीरता को दृष्टिमत रखते हुए मंडल की दिनांक 30 अप्रैल एवं 01 मई, 2021 से प्रारंभ होने वाली परीक्षाएं एक माह के स्थगित की जाती हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बताया कि यह परीक्षाएं अब माह जून 2021 के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ की जाकर अंतिम सप्ताह तक संपन्न कराई जाएंगी। जिसका विस्तृत संशोधित परीक्षा कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा।  

टिप्पणी करे