इंदौर। मप्र लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं का ध्यान रखते हुए साल 2021 की सभी भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। लोक सेवा आयोग ने 2021 में 14 परीक्षाओं के आयोजन के सभी चरण पूरे कर अंतिम नतीजे अगले वर्ष सितंबर तक जारी करने की बात कही है। हालांकि कोविड संक्रमण के कारण परीक्षाएं प्रभावित हुई हैं, राज्य प्रशासनिक सेवा की प्रारंभिक परीक्षा भी दो बार स्थगित की जा चुकी है।
घोषित कैलेंडर के अनुसार अलग-अलग भर्तियों के लिए प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आयोजन किए जाएंगे। इन भर्ती परीक्षाओं के अलावा शासन के मांगपत्रों के आधार पर अन्य परीक्षा भी कराई जा सकती है। फिलहाल जिन परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी की गई है उनमें राज्य सेवा परीक्षा, राज्य वन सेवा परीक्षा, दंत शल्य चिकित्सक परीक्षा 2019, राज्य अभियांत्रिकी सेवा 2020, चिकित्सा अधिकारी 2021, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सहायक अधीक्षक, सहायक संचालक संवर्ग (सामाजिक न्याय), सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी 2021, उप पुलिस अधीक्षक (रेडियो-कम्प्यूटर) और राज्य अभियांत्रिकी सेवा 2021 शामिल है। 2020 की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 25 जुलाई को रखी गई है। इसका परिणाम अगस्त में जारी होगा।

