
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किया पीएम-सूरज पोर्टल का शुभारंभ
भोपाल : भारत सरकार की योजनाओं के साथ अन्य योजनाओं का पैसा गरीब के खाते में सीधे पहुंचेगा। अब न कोई बिचौलिया, न कमीशन लेने वाला होगा और सिफारिश के लिए किसी गरीब को चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। पीएम-सूरज पोर्टल के जरिए वंचित समुदाय में लोगों का आर्थिक सहायता दी जायेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जनकल्याण (पीएम-सूरज) पोर्टल का शुभारंभ’ किया । उन्होने कहा कि राष्ट्रवासी मेरे परिवार के सदस्य हैं। नागरिक भी अब कहने लगे हैं कि हम मोदी का परिवार हैं। सरकार पिछले 10 वर्षों से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम कर रही है। नारी सम्मान और सशक्तिकरण हमारे संकल्प का हिस्सा है। देश के करीब सवा पांच सौ जिलों के हितग्राही वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े। अनेक योजनाओं के हितग्राही लाभांन्वित किए गए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि सीवर और सेप्टिक टेंक श्रमिकों को आज पीपीई कीट दी जा रही है। अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के सफल स्टार्टअप में वेंचर कैपिटल फंड स्कीम/अम्बेडकर सोशल इनोवेशन इन्क्यूयबेशन मिशन के अंतर्गत लाभ दिया जा रहा है। आज ऐसे लाभार्थियों से चर्चा करने का अवसर भी मिला है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि अब वंचित, पिछड़े समाज के कल्याण में पूरा देश साक्षी बन रहा है। देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति के रूप में अनुसूचित जाति और जनजाति के व्यक्ति पदासीन हुए हैं। एक लाख वंचित वर्ग के लाभार्थियों में 720 करोड़ रुपए की सहायता राशि सीधे बैंक खातों में भेजी गई है। आज 500 से ज्यादा जिले जुड़े हैं। यह हमारी सरकार में ही एक क्लिक से गरीब को सीधे पैसा पहुंचाने का लाभ पहुंचता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार से आनलाइन इस कार्यक्रम भागीदारी की। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी अभिनंदन के पात्र हैं। वे जनकल्याण की दृष्टि से बारीक बातों का भी ध्यान रखते हैं। सम्पूर्ण आबादी को स्वच्छ और स्वस्थ रखने वाले सफाई कर्मचारियों के हित में उन्होंने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन्हें आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किया गया है। सरकार का प्रयास है कि नगरीय निकायों में सफाई करने वाले श्रमिकों को सुरक्षा और सम्मान दोनों प्राप्त हों। नया पोर्टल कमजोर वर्गों के सम्मान, रोजगार और कल्याण के लिए संचालित योजनाओं को एकीकृत रूप से सहायता मुहैया करवाएगा। एक दिन में ही ऋण प्रकरण मंजूर हो जाएंगे। प्रारंभ में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के विभिन्न स्थानों से जुड़े कुछ लाभार्थियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के चयनित लाभार्थियों से संवाद किया। इनमें सबसे पहले इंदौर के नरेंद्र सेन से उन्होंने संवाद किया। इस अवसर पर इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी और अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

