रागिनी दुबे, इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में गौशालाओं के माध्यम से गौ सेवा की नई इबारत लिखी जाएगी। इसके माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ ही दुग्ध उत्पादकों की आमदनी में भी वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री इंदौर जिले के महू-मण्डलेश्वर मार्ग पर स्थित आशापुरा में प्रदेश में अपने तरह की पहली हाईटेक कामधेनु गौशाला के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह गौशाला 10 हजार गायों के पालन-पोषण के लिये रहेगी। यह गौशाला लगभग 25 हेक्टेयर क्षेत्र में बनाई जा रही है। इस गौशाला का निर्माण इंदौर नगर निगम के माध्यम से किया जायेगा। इसके देखरेख की जिम्मेदारी भी नगर निगम ही संभालेंगी। गौशाला के संचालन में संत समाज का सहयोग भी लिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के भी निरंतर प्रयास कर रही है। अभी देश के कुल दुग्ध उत्पादन का 9 प्रतिशत उत्पादन हमारे प्रदेश में है, इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि गौ वंश को बढ़ावा देने के लिये डॉ.भीमराव अम्बेडकरजी के नाम से योजना प्रारंभ की गयी है। इस योजना में गौ वंश पालकों को अनुदान दिया जायेगा।

सर्वसुविधा युक्त होगी कामधेनु गौशाला आशापुरा (महू)
नगर निगम इंदौर द्वारा महू तहसील के आशापुरा ग्राम में कामधेनु गौशाला का निर्माण प्रारंभ किया गया है। इस गौ शाला के लिए कलेक्टर इंदौर द्वारा लगभग 25 हेक्टेयर भूमि आवंटित कर गौवंश के संवर्धन हेतु नगर निगम इन्दौर को अधिपत्य में दी गयी है। उक्त भूमि पर नगर निगम इंदौर द्वारा गौ वंश संवर्धन के उददेश्य से कार्य योजना तैयार की गई है। इसके तहत कुल दस हजार गौवंश के लिये लगभग 8 शेड बनाये जायेंगे। प्रत्येक शेड के साथ में गौ वंश के सुगम विचरण हेतु खुला स्थान रहेगा। परिसर में गौवंश के आहार भण्डारण हेत भूसाघर एवं दानाघर का प्रावधान किया गया है। बीमार गौवंश की देखभाल हेत विशेष सुविधाओं से युक्त पृथक शेड का निर्माण किया जायेगा। हरे चारे की बुआई हेतु खुली कृषि भूमि का भी प्रावधान रखा गया है। सड़क के दोनों ओर तालाब के चारों ओर एवं अन्य निर्धारित स्थान पर सघन वृक्षारोपण किया जायेगा। परिसर में एक गौ पूजन केन्द्र का निर्माण किया जायेगा। पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जायेगी। अन्य जरुरी कार्य भी कराये जायेंगे।

