U-18 एशिया कप में भारत बना चैंपियन, एमपी के छह खिलाड़ियों ने दिलाया स्वर्ण

भोपाल।जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित पुरुष U-18 एशिया कप 2026 में भारतीय हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में पुरुष हॉकी अकादमी के छह खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ियों में आयुष रजक (गोलकीपर), अंश बहुत्रा, करण गौतम, अवि माणिकपुरी, सिद्धार्थ बेन एवं गाज़ी खान शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम योगदान दिया।

सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में बनाई जगह

भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक की राह में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष अंडर-18 हॉकी टीमों ने भाग लिया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित, तेज और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों पर अपना दबदबा बनाए रखा। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीतकर भारत ने एशियाई हॉकी में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

टिप्पणी करे