30 से ज्यादा देशों ने की भागीदारी, 40 हजार डॉलर की इनामी राशि वितरित
ईरान के अली घरहागोजलू ने जीता पुरुष वर्ग का खिताब
इंदौर| भारत की 24 साल की अनुपमा रामचंद्रन ने अपने खिताब की रक्षा करते हुए लगातार दूसरी बार IBSF वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 में हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से हराते हुए महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया । वहीं पुरुष वर्ग में ईरान के अली घरहागोजलू हांग कांग चाइना के टैम युन फंग को 5-1 से हराकर दूसरी बार चैंपियन बने ।
इंदौर के यशवंत क्लब में आयोजित IBSF वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 के महिला वर्ग के फाइनल मुकाबला मौजूदा चैंपियन भारत की अनुपमा रामचंद्रन व हांगकांग की सो मैन यान से था । पहली फ्रेम हांगकांग की 44 वर्षीय यान ने अपने नाम की। लेकिन अनुपमा ने धैर्य बनाए रखा और दूसरी फ्रेम में मुकाबला बराबरी पर ला दिया। इसके बाद तीसरी फ्रेम में भी भारतीय खिलाड़ी ने अपना दबदबा बनाए रखा और क्यू बॉल पर उम्दा नियंत्रण करते हुए लगातार अंक बनाए। चौथी फ्रेम में भी वे शुरू से ही बढ़त बनाए हुए थी उन्होंने अपनी सटीक ‘पॉटिंग’ और आत्मविश्वास से भरे खेल के दम पर लगातार तीसरी फ्रेम जीत हैट्रिक लगाई और खिताब भी अपने नाम किया । अनुपमा ने यह मुकाबला 3-1 (16-58, 83-7, 85-26, 65-37) से अपने नाम किया।
भारतीय खिलाड़ी ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता
अनुपमा रामचंद्रन ने लगातार दूसरी बार सीनियर लेवल पर वर्ल्ड चैंपियन बनी है। इसके पहले अनुपमा ने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि गत वर्ष नवंबर 2025 में दोहा में हासिल की थी। गत वर्ष उन्होंने फाइनल में हांगकांग की एनजी ऑन यी को 3-2 से हराकर आईबीएसएफ विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। इससे पहले, उन्होंने 2017 में गर्ल्स वर्ल्ड ओपन अंडर-16 स्नूकर चैंपियनशिप जीतकर अपनी शुरुआत की थी और फिर 2023 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रियाद में आईबीएसएफ विश्व अंडर-21 महिला स्नूकर चैंपियनशिप के साथ-साथ टीम स्पर्धा में विश्व महिला स्नूकर कप भी जीता था ।
ईरानी खिलाड़ी अली के आगे हांगकांग चाइना के फंग की एक न चली
ईरान के अली घरहागोजलू और हांग कांग चाइना के टैम युन फंग फाइनल में थे। 32 साल के अली घरहागोजलू के सामने 24 साल के युवा खिलाड़ी हांग कांग चाइना के टैम युन फंग ने अली के तीन बड़े ब्रेक के सामने फंग नतमस्तक नजर आए । अली ने यह मुकाबला 5-1 (68-23, 26-96, 63-27, 63-33, 78-40, 85-0) से अपने नाम किया।
कुल 40 हजार डॉलर पुरस्कार राशि
पुरुष वर्ग में कुल 25 हजार डॉलर की इनामी राशि रखी बांटी गई, जिसमें विजेता को 10 हजार डॉलर, उपविजेता को 5 हजार डॉलर और दोनों सेमीफाइनल हारने वाले खिलाड़ियों को 2500-2500 डॉलर मिलें । क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को 1000-1000 डॉलर दिए गए। 100 से अधिक का सर्वाधिक ब्रेक लगाने वाले खिलाड़ी को 1000 डॉलर का विशेष पुरस्कार दिया गया । महिला वर्ग में कुल 10,500 डॉलर की न्यूनतम इनामी राशि दी गई। विजेता को 4 हजार डॉलर, उपविजेता को 2 हजार डॉलर, सेमीफाइनलिस्ट को 1000-1000 डॉलर और क्वार्टर फाइनलिस्ट को 500-500 डॉलर मिलें । 75 से अधिक का सर्वाधिक ब्रेक लगाने वाली खिलाड़ी को 500 डॉलर का विशेष पुरस्कार दिया गया ।

