
दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण फैलने का एक बड़ा कारण यात्रियों की एक देश से दूसरे देश की यात्रा भी रहा है। यानि एयरपोर्ट पर सावधानी एक बड़ा मुद्दा है। यहां कोरोना से बचाव में शारीरिक दूरी बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है लेकिन एयरपोर्ट जैसी जगहों पर दूरी बनाए रखना मुश्किल हो जाता है लेकिन अब इंदौर एयरपोर्ट पर इसका समाधान निकाल लिया गया है।
इंदौर के अंतरराष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई विमानतल पर ऐसी मशीन लगाई गई है जो लोगों का निर्धारित दूरी का पालन नहीं करने पर चेतावनी देती है। मशीन दूरी बनाकर कोरोना से सुरक्षित रहने का संदेश देती है। इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि सम्भवतः इंदौर पहला शहर है जहां हवाई अड्डे पर आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर शारीरिक दूरी बनाए रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इंदौर एयरपोर्ट पर इस मशीन से लोगों में जागरुकता आएगी और वे शारीरिक दूरी का ध्यान रखेंगे।
मशीन के बारे में विमानतल की निदेशक श्रीमती अर्यमा सान्याल ने बताया कि इस मशीन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। फिलहाल इसे डिपार्चर गेट पर लगाया गया है और ज़रुरत पड़ने पर एयरपोर्ट के अन्य हिस्सों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

