आईटी कंपनी एचसीएल की नई चेयरमैन बनी रोशनी नाडर

दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं में शामिल

दुनिया की दिग्गज आईटी कंपनियों शामिल एचसीएल की नई चैयरमेन अब 38 वर्षीय रोशनी नाडर होगी। शुक्रवार को एचसीएल के अध्यक्ष शिव नाडर ने शुक्रवार पद छोड़ने का ऐलान करते हुए इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कंपनी ने सर्वसम्मति से उनकी बेटी रोशनी को कंपनी और बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।
मात्र 28 साल की उम्र में एचसीएल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी- सीईओ बनीं रोशनी नाडर मल्होत्रा का नाम फोर्ब्स की ओर से जारी दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में भी शामिल रहा है। फोर्ब्स ने अपनी इस सूची में रोशनी को साल 2017 से 2019 तक शामिल किया है। साल 2019 में रोशनी नाडर फोर्ब्स की सूची में 54वें पायदान पर थीं।
देश की सबसे अमीर महिला हैं रोशनी
बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के अनुसार 2019 वेल्थ हुरुन रिच लिस्ट के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 36,800 करोड़ रुपये है। इस मान से रोशनी नाडर मल्होत्रा भारत की सबसे अमीर महिला हैं। गौरतलब है कि इसके पहले भी एचसीएल के सभी रणनीतिक फैसले रोशनी नाडर ही लेती रही हैं।
अमेरिका से प्रबंधन में डिग्री
उद्योगपति रोशनी नाडर की स्कूली शिक्षा दिल्ली से ही हुई थी। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से व्यापार प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। रोशनी वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के यंग ग्लोबल लीडर्स इनिशियेटिव का भी हिस्सा रही हैं।
मीडिया से की कॅरियर की शुरुआत
रोशनी ने अपने कॅरियर की शुरुआत ब्रिटेन में न्यूज प्रोड्यूसर के तौर पर की थी। फोर्ब्स के साथ एक साक्षात्कार में रोशनी ने कहा था, ’मीडिया मुझे आकर्षित करता है। मैंने सीएनबीसी और सीएनएन के साथ इंटर्नशिप की थी। मेरी पहली नौकरी लंदन में स्काई न्यूज में थी।’ उन्होंने बताया कि बाद में पिता शिव नाडर के कहने पर उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी।
कम उम्र में बड़ा दायित्व
नोएडा की आईटी कंपनी एचसीएल टेक्नालॉजीज ने महज 38 साल की रोशनी को पिता शिव नाडर की कंपनी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंप दी है। कंपनी के निदेशक मंडल ने बताया कि शिव नाडर अध्यक्ष पद की भूमिका से हट गए हैं और उनकी बेटी रोशनी नाडर मल्होत्रा तत्काल प्रभाव से उनकी जगह अध्यक्ष होंगी। शिव नाडर फिलहाल मुख्य रणनीति अधिकारी के पद नाम के साथ कंपनी के एमडी बने रहेंगे।
न्यजीव संरक्षण में विशेष रुचि
वन्यजीव संरक्षण में विशेष रूचि रखने वाली रोशनी ने 2018 में हैबिट्स ट्रस्ट की स्थापना की। ट्रस्ट का उद्देश्य देश के प्राकृतिक आवासों और स्वदेशी प्रजातियों की रक्षा करना है, जिसमें स्थायी पारिस्थितिकी तंत्र बनाने और संरक्षण का मुख्य मिशन है।

टिप्पणी करे