
भोपाल : प्रदेश में कोरोना के बढ़ते हुए प्रकरणों को देखते हुए सभी जिलों में कोरोना संबंधी गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाए। जिन जिलों में टैस्टिंग कम है, वहां टैस्टिंग बढ़ाई जाए। जिलों की परिस्थिति अनुरूप होम क्वारेंटाइन व संस्थागत क्वारेंटाइन किया जाए। जनता को मास्क पहनने, फिजिकल डिस्टेंसिंग रखने, भीड़ न लगाने आदि के लिए जागरूक किया जाए तथा ऐसा न करने पर जुर्माने आदि की कार्रवाई की जाए।
ये बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान कही। बैठक में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, चिकित्सा शिक्षा, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री श्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी श्री विवेक जौहरी, प्रमुख सचिव श्री फैज अहमद किदवई उपस्थित थे।
मंदिरों में एक बार में 5 से अधिक व्यक्ति न जाएं
सतना जिले की समीक्षा में पाया गया कि मैहर में नए प्रकरण आ रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि इस बात का सभी जिले ध्यान दें कि मंदिरों एवं उपासना स्थलों में एक बार में 5 से अधिक व्यक्ति न जाएं।

