क्रिकेट खुशखबर : आईपीएल 19 सितम्बर से यूएई में

मुंबई| इस साल इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) 19 सितंबर से यूएई में खेला जाएगा। लीग का फाइनल 8 नवंबर को होगा। बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों ने गुरुवार को न्यूज एजेंसी को यह जानकारी दी। अगले हफ्ते आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में इस पर मुहर लग जाएगी।

बीसीसीआई के शीर्ष सूत्रों ने बृहस्पतिवार को पीटीआई को बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग 19 सितंबर को संयुक्त अरब अमीरात में शुरू हो सकता है और इसका फाइनल मुकाबला आठ नवंबर को होने की संभावना है।  आईपीएल संचालन परिषद की अगले सप्ताह बैठक होगी जिसमें इसे अंतिम रूप देने के साथ कार्यक्रम को मंजूरी दी जाएगी। पता चला है कि बीसीसीआई ने अपनी योजना से फ्रेंचाइजी को अवगत करा दिया है।  बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘पूरी संभावना है कि आईपीएल 19 सितंबर को शुरू होगा और फाइनल आठ नवंबर को खेला जाएगा। इस तरह से यह 51 दिन तक चलेगा और यह फ्रेंचाइजी और प्रसारकों के अलावा अन्य हितधारकों के अनुकूल होगा।’ इधर, अगले हफ्ते आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग में होगी। इस बैठक में तीन बड़े एजेंडे पर बात होनी है।  

लीग को यूएई शिफ्ट करना

एक फ्रेंचाइजी से जुड़े ऑफिशियल ने न्यूज एजेंसी को बताया कि जैसे ही सरकार से यूएई में लीग कराने की मंजूरी मिलती है, वैसे ही बीसीसीआई, एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड को इसकी जानकारी देगा। पुराने फॉर्मेट की तरह 60 मैच होंगे। हर टीम 14-14 मैच खेलेगी। डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) को देखते हुए टूर्नामेंट 44 से 48 दिन का हो सकता है।  

फ्रेंचाइजियों के लिए गाइडलाइन

यूएई में तीन क्रिकेट स्टेडियम हैं, जिसमें आईपीएल के मैच हो सकते हैं। इसमें दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, अबू धाबी का शेख ज़ायद स्टेडियम और शारजाह ग्राउंड है। जानकारी के मुताबिक, बीसीसीआई टीमों की ट्रेनिंग के लिए आईसीसी एकेडमी को किराए पर ले सकती है। आईसीसी एकेडमी में दो फुल साइज क्रिकेट ग्राउंड हैं। एकेडमी में फिजियोथैरेपी और मेडिसिन सेंटर भी है। ऐसे में जो टीमें दुबई में रहेंगी, वे फीस चुकाकर आईसीसी एकेडमी में ट्रेनिंग कर सकेंगी।

 ब्रॉडकास्टर की डिमांड

आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग में टूर्नामेंट के शेड्यूल और लंबाई को लेकर ब्रॉडकास्टर से बात होगी। लीग की ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने 16,347 करोड़ में आईपीएल के राइट्स हासिल किए हैं। मीटिंग में रात को होने वाले मैच की टाइमिंग पर बात हो सकती है। यह तय किया जाएगा कि मैच भारतीय समय के मुताबिक रात 8 बजे (6.30 PM दुबई टाइम) कराए जाएं या आधा घंटे पहले। अगर टूर्नामेंट 26 से 29 सितंबर के बीच शुरू होकर 14 नवंबर (दिवाली) तक चलता है, तो 7 दिन से ज्यादा डबल हेडर (एक दिन में दो मुकाबले) नहीं होंगे।

टिप्पणी करे