इंदौर के विनोद अग्रवाल देश के शीर्ष अमीरों में, 1200 करोड़ की संपत्ति के साथ 679वें नंबर पर

इंदौर| आईआईएफएल हुरून की एक हजार करोड़ से अधिक संपत्ति वाले देश के 953 अमीरों की सूची में इंदौर से कोल कारोबारी विनोद अग्रवाल शामिल किए गए हैं। 1200 करोड़ की संपत्ति के साथ उन्हें 679वें नंबर पर रखा गया है।

इस सूची में अमिताभ और जया बच्चन 1100 करोड़ की संपत्ति के साथ 732वें नंबर पर हैं। शीर्ष पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी (6.58 लाख करोड़) हैं। उनके बाद हिंदूजा ब्रदर्स, शिव नडार, गौतम अडाणी व अजीम प्रेमजी हैं। प्रदेश से भोपाल के दिलीप सूर्यवंशी 2800 करोड़ की संपत्ति के साथ 353वें व उनके साथी देवेंद्र जैन 1600 करोड़ की संपत्ति के साथ 537वें नंबर पर हैं।

15 की उम्र में शुरू किया था काम, अब सालाना टर्नओवर 7 हजार करोड़

अग्रवाल परिवार मूल रूप से हरियाणा का है, लेकिन वर्षों पहले इंदौर आ गया था। विनोद अग्रवाल ने मात्र 15 साल की उम्र में कारोबार शुरू किया था। शुरुआत ट्रांसपोर्ट से की, बाद में देश में उत्खनन होने वाले कोल की ट्रेडिंग शुरू की। धीरे-धीरे कारोबार ने पंख फैलाए और वे दक्षिण अफ्रीका व इंडोनेशिया से भी कोल इम्पोर्ट करने लगे। उनकी कंपनी अग्रवाल कोल हर साल सवा सौ जहाज से देश के 17 बंदरगाहों पर कोल बुलाकर देश के विभिन्न हिस्सों में ट्रेडिंग करती है। ग्रुप की सभी कंपनियों का टर्नओवर करीब सात हजार करोड़ है।

नौ साल से दुनियाभर के अमीरों की सूची जारी कर रही आईआईएफएल

आईआईएफएल (इंडिया इन्फोलाइन लि.)वित्तीय सेवाएं देने वाली देश की अग्रणी कंपनियों में से एक है, जबकि हुरून चायनीज कंपनी है, जो ग्लोबल लेवल पर अमीरों पर रिसर्च कर उनकी सूची जारी करती है। बीते नौ सालों से आईआईएफएल यह सूची जारी कर रही है। पिछले साल संस्था ने इस सूची में 831 लोगों को शामिल किया था, इस बार यह संख्या बढ़कर 953 हो गई है। इन अमीरों के पास देश की जीडीपी के 27 फीसदी के बराबर संपत्ति है। इसमें 40 महिलाएं भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा अमीर मुंबई शहर से हैं और दूसरे नंबर पर दिल्ली है।

टिप्पणी करे