भारत की बेटी विनेश फोगाट ने यूक्रेन में जीता कुश्ती स्पर्धा का स्वर्ण पदक

नई दिल्ली | देश की महिला पहलवान विनेश फोगाट ने यूक्रेनियन रेसलर्स एंड कोचेस मेमोरियल का फाइनल जीत लिया है। भारत की इस बेटी ने फाइनल में बेलारूस की पहलवान और पूर्व विश्व चैंपियन वनेसा कलाजिंस्काया को 10-8 से हराया। महिलाओं की 53 किग्रा भारवर्ग में पहले ही टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल कर चुकीं विनेश ने इसी श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता। लॉकडाउन के बाद नवंबर 2020 से विनेश यूरोप में प्रशिक्षण ले रही हैं। विश्व नंबर सात पहलवान को हराना उनके लिए इतना आसान भी नहीं था। फाइनल में पहुंचने से पहले विनेश ने क्वार्टर फाइनल और प्री-क्वार्टर फाइनल में दमदार खेल दिखाया था। एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता इस एथलीट ने सेमीफाइनल में रोमानिया की एना ए को 2-0 से पटखनी दी थी। कोरोना महामारी और लॉकडाउन की वजह से खेल से दूर रहने के बाद विनेश एक साल बाद रिंग में उतरीं थीं। अब फाइनल जीतने के बाद फोगाट 4-7 मार्च तक रोम में होने वाले इस सत्र के पहले रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने जाएंगी।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक

राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता 26 वर्षीय इस महिला पहलवान ने 18वें एशियाई खेलों की कुश्ती प्रतियोगिता के 50 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर कीर्तिमान स्थापित किया था। वह लगातार दो एशियाड में पदक जीतने वाली पहली महिला पहलवान बनी थीं। विनेश ने इंचियोन एशियाई खेलों में कांस्य जीता था। इसके अलावा वह 2018 एशियाई चैम्पियनशिप में रजत तथा 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

टिप्पणी करे