इंदौर। मूसाखेड़ी चौराहे से सांवरिया धाम मंदिर तक चौड़ीकृत सड़क बनाने के लिए नगर निगम ने दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। सड़क निर्माण के लिए इच्छुक कंपनियां 24 मई तक आफर दे सकेंगी और 25 मई को टेंडर खोले जाएंगे।
यह महत्वपूर्ण सड़क करीब एक किलोमीटर लंबी है, लेकिन संकरी सड़क के कारण वहां बार-बार ट्रैफिक जाम होता है। निगम इस सड़क को 24 मीटर चौड़ी बना रहा है। इसके निर्माण की लागत 8.30 करोड़ रुपये आंकी गई है। शासन स्तर से काम की सैद्धांतिक मंजूरी निगम के पास आ गई है। यह सड़क मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास फंड से बनेगी। सीमेंट-कांक्रीट की इस सड़क के बीच में डिवाइडर, दोनों तरफ बरसाती पानी के लिए स्टार्म वाटर लाइन बिछाने और बिजली के बाधक खंभे व लाइन शिफ्टिंग का काम भी किया जाएगा। भविष्य में सड़क पर सेंट्रल लाइटिंग भी लगाई जाएगी। निगम अधिकारियों का कहना है कि यदि दूसरी बार प्रस्ताव आ गए तो जून अंत तक सड़क निर्माण का मैदानी काम शुरू किया जा सकता है।
बायपास के लिए मिलेगा चौड़ा रास्ता 11 महीने में बनाने का लक्ष्य
मूसाखेड़ी से सांवरिया धाम मंदिर तक की सड़क बनने से दोनों तरफ की कालोनियों को अच्छा एप्रोच मिलेगा। काम शुरू होने पर सड़क 11 महीने में बनाने का लक्ष्य है। दूसरे चरण में सांवरिया मंदिर से बायपास के बीच सड़क बनाई जाएगी, जिसकी चौड़ाई 45 मीटर प्रस्तावित है।

