लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर इंदौर संभाग में मतदान के प्रतिशत में वृद्धि के लिए स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता हेतु विशेष प्रयास चल रहे है। इसी के तहत संभाग के जिलों में अनेक नवाचार भी किये जा रहे है। संभागायुक्त दीपक सिंह द्वारा स्वीप अभियान की गतिविधियों का संबंधित जिलों में पहुंचकर जायजा लेकर मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में वे संभाग के झाबुआ में पहुंचकर उन्होंने एक नवाचार के तहत “चुनावी काका” और “चुनावी काकी” मतदाता जागरूकता अभियान के चित्रों की प्रदर्शनी का अनावरण किया और उसका अवलोकन किया। इस अवसर पर आई.जी. श्री अनुराग तथा पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री पद्म विलोचन शुक्ल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए झाबुआ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नेहा मीना द्वारा लांच किए गए शुभंकर “चुनावी काका” और “चुनावी काकी” को झाबुआ जिले के आदिवासी अंचल के गाँव-गाँव सहित पूरे प्रदेश में सराहना मिल रही है। इन शुभंकरों की वेशभूषा जो जिले के आदिवासी समाज में प्रचलित पारम्परिक वस्त्रों और श्रृंगार से प्रेरित हैं। यह राष्ट्रीय स्तर तक संस्कृति के प्रसार को इंगित करता है। जब भी कोई इन शुभंकर को देखेगा तो इस क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से अवगत होगा। “मतदान की है तैयारियाँ, सबसे आगे रहेंगी नारियां” थीम पर मतदाता जागरूकता में “चुनावी काकी” महिला सशक्तीकरण में महती भूमिका अदा कर रही है। ‘चुनावी काका’ और ‘चुनावी काकी’ युगल है जो सम्पूर्ण परिवार को मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इन शुभंकरों का आकर्षक रूप पहली बार मतदान करने वाले युवा वर्ग के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है और जिले के मतदान प्रतिशत को बढ़ाने में महती भूमिका निभाएंगे।

