इंदौर | भगवान श्री विष्णु के छठे अवतार भगवान श्री परशुराम की जयंती इस वर्ष इंदौर में भव्यता के साथ मनाई जाएगी। 30 अप्रैल को भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकलेगी | शोभायात्रा शास्त्र और शस्त्र के समन्वय से सनातन धर्म की एकता का उदाहरण प्रस्तुत करेगी। 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन शाम 6 बजे दीनदयाल उपाध्याय चौराहा स्थित भगवान परशुराम मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ होगी। संगठन ने सनातन हिन्दू समाज से शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। शोभायात्रा आईटीआई रोड, हीरानगर थाने की ओर से मुड़कर फिर मंदिर पर समाप्त होगी। इसमें नासिक के ढोल, उज्जैन की श्री महाकाल डमरू मंडली, आदिवासी नृत्य, भगवान परशुराम से प्रेरित झांकियां, चलित भजन संध्या, बैंड, घोड़े और बग्गियां शामिल होंगी। मातृशक्ति और संत समाज के नेतृत्व में यह यात्रा आगे बढ़ेगी। शोभायात्रा से पहले ब्राह्मण समाज और अन्य समुदायों की विशिष्ट विभूतियों का सम्मान किया जाएगा।

