इंदौर | इंदौर ज़िले ने प्रदेश में इतिहास रचते हुए ऐसा पहला ज़िला बनने का गौरव प्राप्त किया है, जिसकी सभी पंचायतों में सूक्ष्म, लघु और मध्यम स्तर के उद्योग स्थापित हो गए हैं। इंदौर जिले की शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में उद्योग स्थापना का महत्वाकांक्षी अभियान गत वर्ष अप्रैल 2024 से प्रारंभ किया गया था । ज़िले की 160 ऐसी पंचायतें, जहाँ पूर्व में कोई उद्योग नहीं था, उनमें 336 नए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग स्थापित कराए गए। इन उद्योगों में कुल 90 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इंदौर जिले में कुल 334 पंचायतें हैं, इनमें पूर्व से 174 पंचायतों में 500 उद्योग स्थापित थे। शेष 160 पंचायतों में किसी भी तरह के उद्योग नहीं थे। इस अभियान के अंतर्गत स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ऋण विभिन्न बैंकों के माध्यम से वितरित कराए गए हैं। जिसके फलस्वरूप पंचायत क्षेत्रों में मिल्क प्रोडक्ट्स, फूड प्रोसेसिंग, कृषि उपकरण, कूलर, रेडीमेड गारमेन्ट तथा मसाला उद्योग पर उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनमें लगभग 2000 स्थानीय व्यक्तियों को रोज़गार प्राप्त हुआ है।


