ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 निर्धारित
इंदौर। भारतीय सेना युवाओं को देशसेवा के लिए अग्निवीर के रूप में भर्ती होने के लिए अवसर दे रही है। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती रैली-2027 के लिये विज्ञापन जारी कर दिया है। इंदौर एवं उज्जैन संभाग के 15 जिलों में योग्य एवं इच्छुक युवाओं के चयन के लिये सेना भर्ती रैली का आयोजन सेना भर्ती कार्यालय महू, जिला इंदौर द्वारा किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय महू से प्राप्त जानकारी के अनुसार भर्ती रैली में भाग लेने के लिये ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया जारी है। अभ्यर्थी 10 अप्रैल 2026 तक अपना आवेदन भर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की अधिकृत वेबसाइट https://www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सीय परीक्षण एवं पात्रता जांच आदि चरण शामिल रहेंगे।

किन-किन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी (जीडी), एसकेटी , टेक्निकल, ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं), महिला सेना पुलिस तथा स्थाई पदों के लिए नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट एवं सिपाही फार्मा के पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आयु सीमा में एक वर्ष की वृद्धि
इस बार सेना भर्ती में आयु सीमा में एक वर्ष की वृद्धि की गई है। अग्निवीर पदों के लिए एक जुलाई 2005 से एक जुलाई 2009 के बीच जन्मे युवा आवेदन कर सकेंगे, जबकि स्थाई पदों के लिए एक जुलाई 2004 से एक जुलाई 2009 के बीच जन्मे अभ्यर्थी पंजीयन के पात्र होंगे। भर्ती से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय महू के दूरभाष क्रमांक 7648815570 पर संपर्क कर सकते हैं।


