यशिका दुबे
पीथमपुर । पीथमपुर अनुभाग पुलिस ने बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ शुरू किया है। यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई तक चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न थानों और शिक्षण संस्थानों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के शुरुआती चरण में थाना सागौर, थाना सेक्टर 1 पीथमपुर और पुलिस चौकी दिग्ठान व डेहरी सराय की टीमों ने स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के गुर सिखाए। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक करना है।
इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की जानकारी
इसी कड़ी में, थाना सेक्टर 1 पीथमपुर की पुलिस टीम ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीथमपुर पहुंचकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। पुलिस ने बच्चों को सोशल मीडिया पर मजबूत पासवर्ड रखने और अनजान कॉल्स व मैसेजेस से दूरी बनाने की समझाइश दी।
साइबर सुरक्षा पैम्पलेट बांटे
पुलिस चौकी दिग्ठान द्वारा ग्राम दिग्ठान के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (गर्ल्स व बॉयज स्कूल) में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को साइबर सुरक्षा पैम्पलेट बांटे गए। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने और अपना ओटीपी, बैंक खाता या एटीएम संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने के प्रति सचेत किया। सभी कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी गई राशि को समय रहते ब्लॉक कराया जा सके।

