इंदौर में ‘पीएम ई-बस सेवा’  बनाएगी शहर के पर्यावरण को बेहतर

150 अत्याधुनिक वातानुकूलित ई-बसों से सुदृढ़ होगी शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था

इंदौर | केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम ई-बस सेवा’ योजना के अंतर्गत इंदौर शहर को कुल 150 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें से पहले चरण में 10 बसों का संचालन ट्रायल के रूप में शुरू किया गया है। आगामी चरणों में इनकी संख्या क्रमिक रूप से बढ़ाकर सभी 150 बसों का संचालन किया जाएगा।

       ‘पीएम ई-बस सेवा’ योजना के तहत शनिवार से रूट क्रमांक आई-14 (राऊ रंगवासा–रणजीत हनुमान–राजवाड़ा–बंगाली स्क्वायर होते हुए कनाड़िया बायपास) पर 10 इलेक्ट्रिक बसों का तकनीकी एवं व्यावसायिक ट्रायल (टेक्निकल-कमर्शियल ट्रायल) प्रारंभ कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर निगरानी के लिए प्रत्येक बस में सीसीटीवी कैमरे एवं पैनिक बटन लगाए गए हैं। बसों में लगे कैमरों का लाइव फीड सीधे सेंट्रल कंट्रोल रूम में देखा जा सकेगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा सकेगी और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी।

डिजिटल टिकटिंग को मिलेगा बढ़ावा

      कैशलेस एवं डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बसों में डिजिटल फेयर कलेक्शन सिस्टम लागू किया गया है। इससे यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट लेने की सुविधा मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनेगी।

कोच कैप्टन‘ और डिजिटल असिस्टेंट‘ देंगे सेवाएं

      नई बस सेवा के संचालन के लिए पारंपरिक ड्राइवर एवं कंडक्टर की जगह विशेष रूप से प्रशिक्षित एवं वर्दीधारी ‘कोच कैप्टन’ और ‘डिजिटल असिस्टेंट’ नियुक्त किए गए हैं। ये कर्मचारी यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएंगे।

टिप्पणी करे