नशे के विरुद्ध इंदौर पुलिस का 8,534 लोगों की मानव श्रृंखला का विश्व रिकॉर्ड

नशे के विरुद्ध इंदौर पुलिस का 8,534 लोगों की मानव श्रृंखला का विश्व रिकॉर्ड

इंदौर | प्रदेश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” को इंदौर में ऐतिहासिक जनसहभागिता मिली। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित विशाल जनजागरूकता कार्यक्रम में 8,534 विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों, खिलाड़ियों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर नशे के विरुद्ध विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।

        इस उपलब्धि के साथ इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के विरुद्ध मानव श्रृंखला का अपना ही पूर्व विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पूर्व 7,100 लोगों की मानव श्रृंखला का रिकॉर्ड इंदौर पुलिस के नाम दर्ज था। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से एडिटर श्रीमती अपूर्वा मेनन एवं पलाश शुक्ला द्वारा इस उपलब्धि का रिकॉर्ड पुलिस आयुक्त इंदौर संतोष कुमार सिंह को प्रदान किया गया।

एक आयोजन में दो रिकॉर्ड की दिशा में उपलब्धि

यह आयोजन केवल विशाल मानव श्रृंखला तक सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम में 8,534 से अधिक लोगों को एक साथ नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए सामूहिक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस उपलब्धि के लिए भी विश्व रिकॉर्ड का दावा प्रस्तुत किया गया है। इस प्रकार इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने एक ही आयोजन में दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं मित्रों को जागरूक करने तथा नशामुक्त इंदौर और नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

नशामुक्त समाज के लिए जनआंदोलन बन रहा अभियान

मध्यप्रदेश में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बस्तियों, सामाजिक संगठनों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के बीच व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

टिप्पणी करे