यशिका दुबे
तुलसी का पौधा पवित्र और सुख-समृद्धि बढ़ाने वाला है। आपके घर में सकारात्मक ऊर्जा है या नकारात्मक ऊर्जा, इसका पता तुलसी के पौधे से चलता है। तुलसी का पौधा जीवन में आने वाली कठिनाइयों के बारे में संकेत देता है। अगर तुलसी का पौधा बार बार मुरझा जाता है तो यह आपको जीवन में आने वाली बड़ी घटना और वास्तु दोष की तरफ इशारा करता है। माना जाता है कि तुलसी का पौधा घर में आने वाली किसी भी बुरी नजर को अपने ऊपर ले लेता है। अगर आपका पौधा बार-बार सूख रहा है तो इसका मतलब है कि आपके घर में नकारात्मक ऊर्जा अधिक बढ़ गई है। तुलसी मां लक्ष्मी का प्रतीक है। तुलसी का बार बार मुरझाना यह दर्शाता है कि घर परिवार में कोई बड़ी आर्थिक तंगी या किसी सदस्य पर कोई बड़ी बीमारी आने वाली है। वास्तु दोष से बचने के लिए तुलसी को हमेशा सही दिशा में लगाएं। तुलसी के पौधे को उत्तर, पूर्व, या उत्तर-उत्तर-पूर्व यानी ईशान दिशा में लगाएं। दक्षिण दिशा में गलती से भी तुलसी न रखें। तुलसी का गमले का रंग सफेद या नीले रंग का होना चाहिए। ऐसा करने से पौधे की आध्यात्मिक और औषधीय गुणवत्ता बढ़ती है। साथ ही वास्तु दोष भी खत्म होता है।

