देश में एक बार फिर कोरोना वायरस बेकाबू हो गया है। कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात और दिल्ली समेत कई राज्यों में स्थिति भयावह होती नजर आ रही है। महाराष्ट्र में एक ही स्कूल के 30 छात्र और शिक्षक कोरोना संक्रमित हो गए, जिसके बाद स्कूल को सील कर दिया गया है। गुजरात और मध्यप्रदेश में कई पाबंदियां लगाई गईं हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही अस्थायी रूप से 20 मार्च से लेकर 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में 917 कोरोना के मामले आए हैं जबकि एक लोग की मौत हो गई। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 25,833 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 12,764 लोग डिस्चार्ज हुए और 58 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। गुजरात के शहर अहमदाबाद में कोरोना की बढ़ती रफ्तार को रोकने के लिए नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह कर्फ्यू रात के 9 बजे से सुबह छह बजे तक लगा रहेगा। वहीं मॉल और सिनेमाहॉल शनिवार और रविवार को बंद रहेगा।

