मप्र बोर्ड परीक्षा-2027 : 12वीं की परीक्षा 17 और 10वीं की परीक्षा 24 फरवरी से

भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए समय सारणी जारी कर दी है। 10वीं की परीक्षा 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 और 12वीं की 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक आयोजित होगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षा का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। हाईस्कूल परीक्षा की शुरुआत 24 फरवरी को भाषा विषयों, चित्रकला, गायन-वादन, तबला-पखावज और कंप्यूटर के पेपर से होगी। 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी। पहले दिन बायोटेक्नोलॉजी, गायन-वादन और तबला-पखावज के पेपर होंगे। 12वीं बोर्ड की दूसरी परीक्षा 11 से 30 जून 2027 तक होगी। वहीं 10वीं की दूसरी परीक्षा 15 से 30 जून 2027 तक चलेगी।

परीक्षा केंद्र पर 8:45 के बाद प्रवेश नहीं

विद्यार्थियों को सुबह 8:00 बजे तक परीक्षा केंद्र और 8:30 बजे तक परीक्षा कक्ष में पहुंचना होगा। 8:45 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। 8:45 बजे प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए दिया जाएगा और 8:55 बजे उत्तरपुस्तिका दी जाएगी।

प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां घोषित

10वीं बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 से 30 जून 2027 और 12वीं की 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच होंगी।

अवकाश में भी परीक्षा संभव

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कहा है कि परीक्षा के दौरान सरकारी या स्थानीय छुट्टी घोषित होने पर भी परीक्षा तय तारीख पर होगी। जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीख या समय बदला जा सकता है। इसकी जानकारी विभिन्न संचार माध्यमों से दी जाएगी।

एक उत्तर दें